श्रीगंगानगर , फरवरी 01 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष इंजीनियर बंशीधर जिंदल ने केन्द्रीय बजट पर संतुलित प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बजट में छोटे-बड़े व्यापारियों और दुकानदारों के लिए कुछ सकारात्मक कदम उठाये गये हैं, लेकिन कई अपेक्षाएं अधर में लटकी रह गयी हैं।

श्री जिंदल ने कहा कि बजट के सकारात्मक पहलू में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) वर्गीकरण में संशोधन प्रमुख है। निवेश और कारोबार सीमाओं को ढाई और दो गुना बढ़ाने से अधिक व्यापारियों को एमएसएमई योजनाओं का लाभ मिलेगा, जो छोटे दुकानदारों के लिए विस्तार का अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा सूक्ष्म उद्यमों के लिये पांच लाख रुपये की सीमा वाले क्रेडिट कार्ड और क्रेडिट गारंटी कवर को पांच करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक बढ़ाने से कार्यशील पूंजी की समस्या कम होगी। आयकर छूट सीमा को 12 लाख रुपये तक बढ़ाने से मध्यम वर्ग के व्यापारियों की क्रय शक्ति बढ़ेगी, जो अप्रत्यक्ष रूप से खुदरा व्यापार को मजबूत करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित