बारां , मई 09 -- राजस्थान के राज्यमंत्री ग्रामीण विकास, पंचायतीराज एवं जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने शनिवार को राज्य सरकार के बजट घोषणा के कार्यों में प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा विकास की धारा अंतिम छोर तक पहुंचाने की है।
श्री देवासी ने शनिवार को राजस्थान में बारां में मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि इसके लिए बजट में घोषित कार्यों को संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। जिन कार्यों में अब तक अपेक्षित लक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं उन पर विशेष ध्यान देते हुए प्रगति सुनिश्चित करें।
इस दौरान उन्होंने ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल एवं विद्युत की सुचारू आपूर्ति के निर्देश दिये और चिकित्सा एवं सड़कों की स्थिति को लेकर भी जानकारी ली। साथ ही जिले में चल रहे ग्राम रथ अभियान में आमजन तक सरकार की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने को कहा।
सभी विभाग त्वरितता के साथ बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को पूरा करने के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि जिले के विकास एवं आमजन के हित में की गयी बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध और शत- प्रतिशत पूरा करते हुए उपलब्धि प्राप्त की जाये।
बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़क, बिजली एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं के पर्यवेक्षण एवं समाधान के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित