बारां , मार्च 19 -- राजस्थान में बारां के जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट से जिले एवं राज्य को नयी गति मिलेगी।

श्री देवासी ने गुरुवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि बजट में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण सहित बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं, जिससे राजस्थान विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। बजट के माध्यम से किसानों को सम्बल प्रदान करते हुए समृ़द्ध बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निरंतर रोजगार प्रदान कर रही है। पांच वर्ष में चार लाख नौकरियों के संकल्प को पूरा करने के क्रम में अब तक एक लाख से अधिक को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी है। एक लाख 54 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है और एक लाख का भर्ती कैलेण्डर जारी किया है। वहीं, निजी क्षेत्र में दो लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि बारां जिले में सहरिया और खैरवा जातियों को जहां डीबीटी के जरिए से करोड़ों का लाभ मिलेगा। वहीं परवन वृहद सिंचाई परियोजना के कार्यादेश जारी होने से लाखों लोगों की प्यास बुझेगी।

इस दौरान विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, नरेश सिंह सिकरवार, प्रधान मोरपाल सुमन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित