अलवर , फरवरी 12 -- राजस्थान में अखिल राज्य राजस्थान संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने राज्य सरकार द्वारा पेश बजट को लेकर गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने मिनी सचिवालय परिसर में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष मनोज मीणा ने कहा कि जिस तरह उपमुख्यमंत्री द्वारा बजट पेश किया गया, उसमें कर्मचारियों के हितों की पूरी तरह अनदेखी की गई है। बजट में कर्मचारियों से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण मुद्दे पर संज्ञान नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 19 सूत्रीय मांगों को लेकर सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया और बजट से संबंधित एक पर्चा भी जलाया। श्री मीणा ने स्पष्ट किया कि यह बजट कर्मचारी विरोधी है और इससे कर्मचारियों को कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित