श्रीगंगानगर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में बीकानेर जिले के महाजन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग -62 पर मंगलवार देर रात छात्रों को शैक्षिक टूर से लेकर आ रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई। हालांकि बच्चों को समय रहते बस से निकाल लिया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ स्थित चौ मोटाराम मील मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, निर्वाणा के विद्यार्थियों को जोधपुर और नाथद्वारा में शैक्षणिक पर्यटन पर लेकर गई थी। जहां से वह लौट रही थी।
थानाधिकारी भजनलाल ने बुधवार को बताया कि रात करीब डेढ़ बजे महाजन से करीब तीन किलोमीटर आगे अर्जुनसर की ओर द्वारकाधीश होटल के पास बस के पिछले टायर में अचानक आग लग गई जिससे टायर फट गया। टायर फटने से पूरी बस आग की चपेट में आ गई। बस में कुल 36 लोग सवार थे जिनमें 29 विद्यार्थी, पांच शिक्षक/स्टाफ के सदस्य, चालक और परिचालक शामिल थे।
उन्होंने बताया कि स्कूल स्टाफ और बस चालक दल ने बिना देरी किए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए बीकानेर और सूरतगढ़ से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। और आग पर काबू पाया। इस दौरान किसी को भी शारीरिक नुकसान नहीं हुआ, लेकिन विद्यार्थियों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। कुछ बच्चों ने समय रहते अपना सामान बाहर निकाल लिया, बाकी का सामान बस के अंदर ही रह गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित