पौड़ी , अक्टूबर 07 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल मं महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज ढामकेश्वर, खिर्सू में मिशन शक्ति के तहत बुधवार को एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला में बच्चों को 'गुड टच-बैड टच' के प्रति जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराध, घरेलू हिंसा, व्यक्तिगत सुरक्षा और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और वन स्टॉप सेंटर की सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी तरह के असहज या अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज अथवा छिपाने के बजाय तत्काल किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित