फगवाड़ा , अक्टूबर 31 -- पंजाब में गोराया थाना क्षेत्र के गांव धंडवार गेट के पास शनिवार को करीब 25 बच्चों को ले जा रही एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खेतों में लगे सोलर प्लांट से जा टकराई। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों और राहगीरों ने हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार बताया, जबकि चालक रामंदीप सिंह पुत्र तीरथ चंद का कहना था कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक हरभजन सिंह गिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टक्कर के बाद बस सोलर प्लांट के ढांचे के नीचे फंस गई थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चालक के अनुसार, हादसे के करीब आधे घंटे बाद बस मालिक मौके पर पहुंचा। बस बाहर निकालने के बाद उसके ब्रेक की कई बार जांच भी की गई।

मौके पर पुलिस की पूछताछ के दौरान चालक अपना ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। श्री गिल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित