बेतिया , अक्टूबर 11 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित सेंट माइकल्स एकेडमी, छावनी में रविवार को आयोजित विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा तीन से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विज्ञान विभाग में कुल 157 मॉडल और प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए, जबकि कला विभाग की पांच कक्षाओं में विद्यार्थियों की कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के हेड सर इमानुएल शर्मा, हेड मैम रेणु शर्मा, निदेशक प्रतीक एडविन, यशा शर्मा और प्राचार्या डॉ. कु. अंजली ने संयुक्त रूप से किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग और रोबोटिक्स पर आधारित मॉडल विशेष रूप से सराहे गए। विद्यार्थियों ने ऐसे क्रियाशील रोबोट प्रस्तुत किए, जो संवाद और निर्देशों के अनुरूप काम करने की क्षमता प्रदर्शित करते हैं। इसके अलावा डीएनए की संरचना, मानव उत्सर्जन एवं परिसंचरण तंत्र, हृदय, किडनी और फेफड़ों की कार्यप्रणाली को भी मॉडलों के माध्यम से समझाया गया।

जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जलविद्युत उत्पादन, स्मार्ट सिटी, ऑटोमैटिक स्ट्रीट लाइट, सतत कृषि, वाटर टैंक अलर्ट सिस्टम, भूकंप एवं बाढ़ चेतावनी प्रणाली और नवीकरणीय ऊर्जा पर आधारित परियोजनाओं ने पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार के प्रति विद्यार्थियों की जागरूकता को दर्शाया। सामाजिक विज्ञान विभाग में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, मौलिक अधिकार, लोकतंत्र की कार्यप्रणाली और क्रियाशील ज्वालामुखी के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।

कला विभाग में 'बेकार को आकार' विषय के तहत अनुपयोगी और पुनर्चक्रण योग्य वस्तुओं से आकर्षक कलाकृतियां तैयार की गईं. जूट की चप्पलें, मिट्टी के बर्तन, पेपर क्राफ्ट, फूलों के गुलदस्ते तथा चूड़ियों और अंडे की ट्रे से बनी सजावटी वस्तुओं ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इन कलाकृतियों के माध्यम से पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के वैज्ञानिक सिद्धांतों और उपयोगिता की जानकारी भी दी। आयोजन की सफलता में शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के परिश्रम के साथ अभिभावकों का सहयोग सराहनीय रहा। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित