भागलपुर , सितंबर 27 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि बच्चों के सपनों में विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिखाई देता है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में बच्चों एवं युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
श्री सरावगी भागलपुर के सरयू देवी मोहन लाल बालिका उच्च विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित 'मेरे सपनों का भारत : सेवा चित्र' कार्यक्रम में शामिल हुए और छात्राओं द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता तथा भारत के भविष्य को लेकर उनके सपनों की सराहना की।
इस कार्यक्रम में छात्राओं ने कागज पर रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। किसी ने विकसित भारत की कल्पना को चित्र के रूप में प्रस्तुत किया तो किसी ने आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के सपने को रंगों से सजाया। प्रदेश अध्यक्ष ने छात्राओं से उनके चित्रों के बारे में जानकारी ली और उनके सपनों तथा कल्पनाओं को ध्यानपूर्वक सुना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान कहा कि बच्चों द्वारा बनाई गई तस्वीरें केवल रंगों और आकृतियों का मेल नहीं हैं, बल्कि इनमें भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की सोच, उम्मीद और विश्वास भी दिखाई देता है। इन नन्हे हाथों में देश के भविष्य की बड़ी उम्मीदें दिखाई देती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित