बड़वानी , जून 20 -- मध्य प्रदेश में बड़वानी जिले के सेंधवा शहर के जोगवाड़ा रोड क्षेत्र में बच्चों को लेकर शुरू हुआ विवाद दो दिनों तक हिंसक झड़पों में बदल गया, जिसमें 10 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 13 लोगों को आरोपी बनाया है तथा सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सेंधवा शहर पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को जोगवाड़ा रोड स्थित देवझिरी क्षेत्र में पांच हथियार धारी लोगों ने अब्दुल करीम के घर पर बेसबॉल बैट और चाकुओं से हमला कर दिया। इस हमले में छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सिकंदर और शाहरुख की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज करते हुए कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया।
शनिवार को स्थानीय मस्जिद में नमाज के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर भड़क गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने फरदीन और उसके तीन साथियों पर तलवारों से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। फरदीन की शिकायत पर पुलिस ने शाहरुख सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आज शाम तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोगवाड़ा रोड इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित