मुंबई , अक्टूबर 23 -- भिनेत्री रसिका दुगल ने बच्चों के लिए खास तौर पर फिल्में बनाए जाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा है कि सिनेमा सबके लिए है, तो इसमें बच्चों को भी शामिल करना जरूरी है।'लिटिल थॉमस' की रिलीज से पहले रसिका ने कहा कि बच्चों के लिए ऐसी कहानियां बननी चाहिए, जो उनका मनोरंजन करने के साथ उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा दें और उन्हें अपने आसपास की दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करें।

कौशल ओझा के निर्देशन में बनी 'लिटिल थॉमस' की कहानी एक जिज्ञासु बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो यह जानना चाहता है कि बच्चे कहां से आते हैं। वह अपने लिए एक भाई या बहन भी चाहता है। फिल्म में रसिका दुगल ने जेसी मिरांडा का किरदार निभाया है।

बच्चों के सिनेमा के महत्व पर रसिका ने कहा, "सिनेमा एक शानदार माध्यम है, जो हमारी दुनिया को बड़ा बनाता है और हमारी कल्पनाओं को नई उड़ान देता है। बड़े होने के बाद हमारे मन में आने वाले कई विचारों और सोच की शुरुआत उन फिल्मों से हुई होती है, जिन्हें हमने बचपन में देखा था। इसलिए हमें ऐसी फिल्मों की जरूरत है, जिनसे बच्चे खुद को जोड़ सकें और जो उनकी जिज्ञासा को नजरअंदाज करने के बजाय उसे समझें और बढ़ावा दें।"उन्होंने कहा कि बच्चों की फिल्में मनोरंजक होने के साथ महत्वपूर्ण बातें भी कह सकती हैं, बिना किसी को उपदेश दिए। वह चाहती हैं कि अधिक से अधिक फिल्मकार ऐसी कहानियां बनाएं, जिनका बच्चे आनंद ले सकें और जो उनकी कल्पनाओं के लिए नए रास्ते खोलें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित