चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जरूरतमंद, आश्रित और अनाथ बच्चों के कल्याण के लिए करीब 433 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य में करीब 2.45 लाख आश्रित और अनाथ बच्चों को वित्तीय सहायता तथा अन्य लाभ दिये जा रहे हैं। यह सहायता उनकी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने और शिक्षा जारी रखने में मददगार है। चालू वित्त वर्ष में अब तक ऐसे बच्चों के लिए करीब 218 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ 21 वर्ष से कम आयु के उन बच्चों को मिल सकता है, जिनके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है, दोनों घर से अनुपस्थित हैं अथवा शारीरिक या मानसिक रूप से असमर्थ होने के कारण परिवार की देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं।
डॉ. कौर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिस्थितियों के कारण कोई बच्चा शिक्षा और अन्य आवश्यक अवसरों से वंचित न रहे। बच्चों को समय पर और पारदर्शी तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए बजट प्रावधान किया गया है। सरकार बच्चों को सुरक्षित बचपन, सम्मानजनक जीवन और अपनी प्रतिभा विकसित करने के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित