हल्द्वानी , अगस्त 17 -- उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में आर्यमन बिड़ला स्कूल में बच्चों के साथ स्नेही संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्री रजवार ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने बच्चों को अपनी समस्याएं बिना संकोच अभिभावकों और शिक्षकों के सामने रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों की भावनाओं को समझना और उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनना बेहद जरूरी है। बच्चों को सकारात्मक और सहयोगपूर्ण वातावरण मिलने से उनके व्यक्तित्व का बेहतर विकास होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के साथ वार्ता में उन्होंने बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बच्चों के हित में लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में हल्द्वानी खंड शिक्षा विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निशिकांत जोशी, आर्यमन बिड़ला स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवेश मोहन, बिड़ला इंस्टीट्यूट नैनीताल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, उप प्रधानाचार्य प्रकाश कुमार, वंदना तथा चाइल्ड हेल्पलाइन से किरण सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित