भरतपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर में मिठाई खाने से बच्चे की तबियत बिगड़ने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को टोंक रोड स्थित जनता जोधपुर मिष्ठान भंडार एवं छाबड़ा एजेन्सी के खिलाफ कार्रवाई की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अगुवाई में की गई कार्रवाई के बारे में विभाग के सूत्रों ने बताया कि जनता जोधपुर मिष्ठान भण्डार से राजेंद्र जोलिया ने एक दिन पहले मलाई फ्रूट रोल मिठाई खरीदी थी। जिसे खाने के बाद उनके बच्चे की तबीयत बिगड़ गई।

जिसके बाद वह बची हुई मिठाई लेकर आज सुबह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय पहुंचा और खराब मिठाई की शिकायत सीएमएचओ से की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया एवं नितेश गौतम के दल ने जनता जोधपुर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण करके मलाई क्रीम रोल मिठाई का नमूना लिया और दुकान मालिक को मिठाई की गुणवत्ता सही रखने और मिठाई के रख रखाव को लेकर पाबंद किया।

संपर्क पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर दल ने टोंक रोड स्थित छाबड़ा एजेंसी पर वाडीलाल वनीला आइसक्रीम एवं वाडीलाल बटरस्कॉच आइसक्रीम के नमूने लेकर जयपुर लैब भिजवाये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित