श्रीगंगानगर , मई 05 -- राजस्थान मेंं श्रीगंगानगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसमें एक चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी, लेकिन चिकित्सकों की जांच और पुलिस की छानबीन के बाद मामला पूरी तरह अलग निकला।

बच्ची अंग में सूजन दुष्कर्म की वजह से नहीं बल्कि डायबिटीज के कारण थी। इस खुलासे से परिवार, पुलिस और चिकित्सक सभी हैरान रह गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार की है। जवाहरनगर थाना क्षेत्र के मौसम विभाग रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाले एक युवा दंपती अपनी चार वर्षीय बेटी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। दंपती ने आशंका व्यक्त की कि उनकी बेटी के साथ किसी ने गलत हरकत की है। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दे दी। जवाहरनगर थाना से जांच अधिकारी दलबल के साथ अस्पताल पहुंचा।

दंपती ने अस्पताल में भी यही बयान दिया कि उनकी बच्ची के साथ गलत काम हुआ है। इस पर पुलिस का एक दल तुरंत दंपती के घर पहुंच गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।

उधर, जिला अस्पताल में बच्ची की मेडिकल जांच शुरू हुई। चिकित्सकों ने पूरी तरह जांच के बाद खुलासा किया कि बच्ची के साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ है। उसके अंग में जो सूजन दिखाई दे रही थी, वह किसी गलत हरकत के कारण नहीं बल्कि डायबिटीज की वजह से हुई है। बच्ची के रक्त की जांच में डायबिटीज की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने बताया कि डायबिटीज के कारण ही इस उम्र में उसके अंग में सूजन हो गई थी।

यह पता चलने पर परिवार और पुलिस दोनों ने राहत की सांस ली। लेकिन चार वर्षीय बच्ची में डायबिटीज का पता चलना सबको हैरान कर गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार जब दंपती से विस्तार से पूछताछ की गई तो पता चला कि उनके परिवार में कई सदस्य डायबिटीज से पीड़ित हैं। यह बीमारी उनके परिवार में अनुवांशिक रूप से चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित