गोरखपुर , जुलाई 08 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मोटरसाइकिल पर बैठे बच्चे के "बचाओ-बचाओ" चिल्लाने की सूचना पुलिस हरकत में आयी और त्वरित कार्रवाई शुरु कर दी।

पुलिस ने संभावित अपहरण की आशंका को देखते हुए तत्काल व्यापक जांच शुरू कर दी गई। थाना गुलरिहा और थाना चिलुआताल की संयुक्त पुलिस टीमों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिससे कुछ ही घंटों में पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ गई।

जानकारी के अनुसार, राहगीरों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि एक मोटरसाइकिल पर जा रहा बच्चा लगातार मदद के लिए चिल्ला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दोनों थानों की पुलिस टीमों को तुरंत अलर्ट किया गया और क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और मोटरसाइकिल की पहचान करने का प्रयास किया। इस दौरान कई संभावित रास्तों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।

सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ और पुलिस अधीक्षक नॉर्थ ज्ञानेंद्र भी लगातार मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे। देर रात तक पुलिस अधिकारी और टीम पूरी तरह सक्रिय रहे और हर पहलू से जांच की गई। करीब तीन घंटे की गहन जांच और पड़ताल के बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को राहत दी। जांच में पता चला कि बच्चा किसी अपहरण का शिकार नहीं हुआ था, बल्कि वह अपनी मां और मामा के साथ ही मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। दरअसल, बच्चा घर नहीं जाना चाहता था, इसी वजह से वह जोर-जोर से "बचाओ-बचाओ" चिल्ला रहा था, जिससे राहगीरों को अपहरण की आशंका हुई।

पुलिस ने बच्चे और उसके परिजनों की पहचान कर पुष्टि की और सुनिश्चित किया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते मामले की सच्चाई समय रहते सामने आ गई, जिससे किसी भी तरह की अफवाह या अनहोनी की स्थिति टल गई।

क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तेजी से काम करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच की। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है और बच्चा अपने माता-पिता के साथ सुरक्षित है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत सूचना दें, लेकिन अफवाह फैलाने से बचें। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित