रायपुर, 25 अप्रैल 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच कथित वैचारिक समानता को लेकर शनिवार को बड़ा राजनीतिक बयान दिया।

मीडिया से चर्चा के दौरान आज श्री बघेल ने दावा किया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप के कुछ नेता पहले से ही एक विशेष विचारधारा से प्रभावित रहे हैं और हालिया घटनाक्रम उसी दिशा का संकेत हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी की शुरुआत ऐसे लोगों के साथ हुई थी जिनका जुड़ाव पूर्व में विभिन्न वैचारिक मंचों से रहा है। श्री बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल उन व्यक्तियों के संपर्क में रहे हैं जो विवेकानंद फाउंडेशन जैसे संस्थानों से जुड़े रहे हैं जहां बाबा रामदेव सहित अन्य लोग सक्रिय रहे हैं।

पुर्व मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही हैं। हालांकि इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

श्री बघेल ने आप को भाजपा की "बी टीम" करार देते हुए कहा कि जो नेता भाजपा में जाने की बात कर रहे हैं वे किसी नई दिशा में नहीं जा रहे बल्कि अपनी मूल राजनीतिक सोच की ओर वापस लौट रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में और भी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं और अब निगाहें इस बात पर हैं कि श्री केजरीवाल खुद भविष्य में क्या रुख अपनाते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर आप और भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है लेकिन श्री बघेल के बयान ने राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित