गरियाबंद , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के वनांचल ग्राम बीजापाल में बगनई नदी पर निर्माणाधीन पुल पर कार्यरत 14 मजदूर अचानक आई बाढ़ के कारण नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया और महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम की सहायता से सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात लगातार हो रही बारिश के कारण बगनई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे पुल निर्माण कार्य में लगे मजदूर चारों ओर से तेज बहाव से घिर गए। जान बचाने के लिए सभी मजदूर नदी किनारे स्थित एक पेड़ पर चढ़ गए और पूरी रात वहीं शरण लेकर बिताई।

फंसे हुए मजदूरों में 10 पुरुष एवं 4 महिलाएं शामिल थीं। रात के समय नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण तत्काल बचाव अभियान चलाना संभव नहीं हो सका। सुबह जलस्तर की स्थिति का आकलन करने के बाद प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन के समन्वय से संचालित अभियान में महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर राहत कार्य शुरू होने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित