बगदाद , मार्च 14 -- इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर के पास ड्रोन हमले की घटना सामने आई है। मीडिया में प्रसारित एक वीडियो में दूतावास परिसर के आसपास स्थित एक इमारत से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दे रही है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला सीधे अमेरिकी दूतावास परिसर पर हुआ है या आसपास के किसी अन्य इमारत पर हुआ। इस मामले में प्रतिक्रिया के लिए अमेरिकी विदेश विभाग से संपर्क किया गया है।
स्थानीय ईरान समर्थक सूत्रों ने दावा किया है कि इस हमले में एक आत्मघाती ड्रोन का उपयोग किया गया और वायु रक्षा रडार प्रणाली को नुकसान पहुंचाया गया है।
इससे पहले इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी विदेश विभाग ने सुरक्षा चिंताओं के कारण इराक सहित कुछ देशों से गैर-आवश्यक कर्मियों और उनके परिवारों को स्वदेश वापस बुलाने का निर्देश दिया था।
विदेश विभाग ने कल ओमान से भी गैर-आवश्यक अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वदेश लौटने का आदेश दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित