बक्सर , सितंबर 23 -- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि बक्सर से भागलपुर तक हरित क्षेत्र द्रुतमार्ग का निर्माण कराया जाएगा, जिससे राज्य के कई जिलों के बीच सड़क संपर्क को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बक्सर-कोइलवर तटबंध को चार लेन किए जाने तथा बक्सर से कोइलवर के बीच प्रस्तावित चार लेन द्रुतमार्ग का नाम 'विश्वामित्र पथ' रखे जाने की भी जानकारी दी।
श्री चौधरी आज बक्सर पहुंचे और वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहार समेत बक्सर जिले की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। पूजा के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी साहिला से मंदिर तथा इसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी ली। इस अवसर पर बक्सर सदर के विधायक आनंद मिश्र और डुमरांव के विधायक राहुल कुमार सिंह भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बक्सर से भागलपुर तक प्रस्तावित हरित क्षेत्र द्रुतमार्ग बक्सर, आरा, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई और बांका होते हुए भागलपुर तक जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से इन जिलों के बीच आवागमन और संपर्क व्यवस्था को व्यापक मजबूती मिलेगी तथा विकास के नए अवसर सृजित होंगे।
श्री चौधरी मंदिर से निकलने के दौरान पत्रकारों के जमुई की घटना के संबंध में सवाल को शालीनतापूर्वक टाल गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित