बक्सर , अप्रैल 19 -- ारा एवं सुधार विभाग ने बक्सर केंद्रीय कारा परिसर में पेट्रोल पंप खोले जाने की तैयारियां तेज कर दी है। हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) तथा भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया था। एसपीसीएल की ओर से सहमति दी जा चुकी है,ऐसे में जल्द ही प्रक्रियाएं शुरु की जाएंगी और जल्द ही कारा के बाहरी परिसर में पेट्रोल पंप का अधिष्ठापन और संचालन भी हो सकेगा।
बक्सर केंद्रीय कारा लगभग 80 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें ओपन जेल का परिसर भी शामिल है।केंद्रीय कारा के दक्षिण दिशा में काफी खाली जगह है, साथ ही यह मुख्य सड़क से भी सटी हुई है। ऐसे में यह स्थान पेट्रोल पम्प के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। इसी वजह से एचपीसीएल ने इस स्थल का चयन किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पेट्रोल पम्प का संचालन मुक्त कारागार के बंदियों के द्वारा होगा। फिलहाल ये बंदी काम की तलाश में नगर में जाते हैं और शाम को वापस लौटते हैं। कई बार काम नहीं मिलने की वजह से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है, साथ ही उन्हें मिलने वाली मजदूरी भी निर्धारित नहीं होती। पेट्रोल पम्प खुल जाने के बाद कई बंदियों को नियमित रोजगार की गारंटी के साथ ही उचित भुगतान की गारंटी मिल जाएगी।
कारा एवं सुधार विभाग के द्वारा बंदियों को मुख्य धारा में जोड़ने के लिए कई तरह के प्रयास किए जाते रहे हैं।बंदियों को जहां विभिन्न प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाए जाने की कोशिश की जाती है, जिससे कि अपनी सजा पूरी करने के बाद वह समाज में पहुंचकर पुनः अपनी जिंदगी को बेहतर ढंग से चला पाते हैं।वहीं दूसरी तरफ वह जेल में ही विभिन्न वस्तुओं का निर्माण भी करते हैं,जिन्हें अन्य जेलों के बंदियों के उपयोग के लिए भेजा जाता है।
पूर्व लोक अभियोजक नंद गोपाल प्रसाद ने बताया कि केंद्रीय कारा का इतिहास बहुत ही पुराना और समृद्धशाली रहा है।यहां स्वतंत्रता सेनानियों के साथ ही जेपी आंदोलनकारी भी रह चुके हैं।पहले से ही यहां फांसी की रस्सी बनाई जाती रही है।अब बिहार सरकार के द्वारा बंदियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लाई जा रही हैं। निश्चित रूप से इसके काफी सकारात्मक परिणाम होंगे।
हाल ही में कारा एवं सुधार विभाग की पहल पर बक्सर में मुक्ति आउटलेट की स्थापना की गई है जहां जेल में बनाए गए उत्पाद बिक्री के लिए रखे जाते हैं।इन उत्पादों में मसालों, साबुन आदि की बिक्री होती है।
बक्सर केंद्रीय कारा की अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने बताया कि 'केंद्रीय कारा परिसर में पेट्रोल पंप खोले जाने की योजना है। पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों के द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया था। वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में कार्य किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित