यमुनानगर , सितंबर 01 -- हरियाणा में यमुनानगर के आंगनवाड़ी हेल्पर वर्कर यूनियन 1442 के बैनर तले अर्बन ब्लॉक की वर्कर्स और हेल्पर्स ने आज जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया।

धरना जगाधरी शहरी की प्रधान सुनीता की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से किया गया।

जिला प्रधान रीता कटियाल ने बताया कि वे बकाया भुगतान को लेकर विवश होकर धरने पर बैठी हैं। अगस्त 2025 में पहली बार आंगनवाड़ी केंद्र एवं क्रेच के किराये को लेकर पीओ मैडम से बात की गयी थी, लेकिन अगस्त 2026 तक एक भी पैसा खाते में नहीं आया है।

उन्होंने बताया कि तीन साल से गैस सिलेंडर, वर्दी और आंगनवाड़ी केंद्रों के रखरखाव का पैसा तथा छह महीने का किराया विभाग की तरफ बकाया है। यहां तक कि मानदेय भी समय पर नहीं मिल रहा है। कई केंद्रों पर मकान मालिकों ने किराया न मिलने पर ताले लगा दिये हैं।

यूनियन पदाधिकारी इस मुद्दे को लेकर तीन-चार बार पीओ मैडम से मिल चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी के चलते वर्कर्स ने केंद्रों में ताले लगाकर धरना देने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि जब तक एक-एक पैसे का भुगतान नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि जगाधरी-यमुनानगर की वर्कर्स जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में धरने पर हैं, जबकि अन्य ब्लॉकों की वर्कर्स अपने-अपने सीडीपीओ कार्यालयों में धरना दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित