रायपुर , जून 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम ने लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने और गंभीर स्वच्छता अनियमितताओं के कारण घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी को सील कर दिया है। निगम ने होटल संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में सोमवार रात होटल परिसर में भारी गंदगी, सड़क पर किचन संचालन, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भोजन तैयार किए जाने तथा बाथरूम से सटे स्थान पर बिरयानी रखे जाने जैसी गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार होटल प्रबंधन को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए थे लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं किए गए।
निगम अधिकारियों ने मंगलवार सुबह बताया कि होटल अमृतसरी कई वर्षों से निगम का बकायादार था। बार-बार नोटिस और बकाया जमा करने के निर्देशों के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार तथा नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
इस बीच स्वच्छता अभियान के तहत जोन-4 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोलबाजार, मालवीय रोड सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 17 दुकानों में स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन पाए गए, जिसके कारण संबंधित दुकानदारों पर कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निवेश विभाग ने सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले लगभग 25 दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। विभाग ने उनसे 50 हजार रुपये सड़क बाधा शुल्क के रूप में वसूले तथा कई मामलों में सड़क पर रखा गया सामान जब्त कर नोटिस जारी किए।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही, जोन-4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और टीम प्रहरी के सदस्य शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित