धार , जून 17 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के निसरपुर पुलिस चौकी ने बकरी चोरी के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी जितेंद्र (26) निवासी ग्राम आमघाटा, थाना गंधवानी को न्यायालय में पेश किया है। मामले में शामिल उसके तीन अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम निंबोल निवासी जितेंद्र पाटीदार ने 18 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि निम्बोल-देशवालिया रोड स्थित उनके भारती गोट फार्म हाउस में रात के समय चोरी की वारदात हुई। चोरों ने तार फेंसिंग और बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचाकर फार्म परिसर में प्रवेश किया तथा दरवाजा खोलकर अंदर से दो बकरे और सात बकरियां चोरी कर लीं। चोरी गए पशुओं की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई थी।

मामला दर्ज होने के बाद निसरपुर पुलिस चौकी की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से सीसीटीवी फुटेज जुटाए। साथ ही धार साइबर सेल की मदद से पीएसटीएन डेटा और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने जितेंद्र वास्केल को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गंधवानी और मनावर थानों में लूट, डकैती, चोरी और नकबजनी सहित कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित