, May 27 -- हाजीपुर, 27 मई (वार्ता बिहार में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए वैशाली जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां की हैं। जिले के सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।जिला प्रशासन द्वारा जिले भर में कुल 333 स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, सांप्रदायिक तनाव अथवा असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और शांति एवं भाईचारे की परंपरा बनाए रखें।
जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का भी गठन किया गया है।
मस्जिदों, ईदगाहों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर आमजन के बीच सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाया जा रहा है। शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशासन सौहार्द बनाए रखने की दिशा में कार्य कर रहा है।
नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं पशु अवशेषों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा एंबुलेंस एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है, जहां से विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को पर्व अवधि के दौरान मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि वैशाली में बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित