बैतूल , अगस्त 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन बकरियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार ग्राम चौकी निवासी रोवा वट्टी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 03 अगस्त की दरमियानी रात उसके घर के पास बने कोठे से अज्ञात व्यक्ति तीन बकरा-बकरी चोरी कर ले गए। शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 652/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक ग्राम देवगांव से मोटरसाइकिल पर बकरियां लादकर बैतूल की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर करंजी नाला ब्रिज, खेड़ीसांवलीगढ़ के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की हीरो मोटरसाइकिल पर तीन बकरियां ले जा रहे दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने ग्राम चौकी से बकरा-बकरी चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी राजेश पिता धनराज कागले (18) निवासी हिवरखेड़ी तथा एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया। उनके कब्जे से लगभग 45 हजार रुपये मूल्य की तीन बकरियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सरयाम तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से पालतू पशुओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित