रायसेन , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर टपरा पठारी के पास स्थित रामपुर में ईंट भट्टे पर बंधुआ मजदूरी कराए जाने का खुलासा करते हुए प्रशासन ने तीन परिवारों को मुक्त कराया है।
अनुबिभागीय अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि भट्टे पर मजदूरों से बंधुआ मजदूरी कराई जा रही थी। कलेक्टर को जनसुनवाई में मिली एक शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर मुक्त कराने की कार्यवाही की। मजदूरों को मुक्त कराने के बाद उन्हें स्वस्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि कई दिनों से मजदूरों से बंधुआ मजदूरी करवाई जा रही थी। जांच में सामने आया कि ठेकेदार शहाबुद्दीन खान ने तीनों मजदूर परिवारों को किसी अन्य स्थान से अनुबंध पर बमोरी में काम पर लगाया था। ठेकेदार ने उनके पुराने कर्ज का भुगतान किया था और तब से उनसे बमोरी में काम करवा जा रहा था। जांच में मजदूरों से निर्धारित घंटों से अधिक समय काम करवाने की बात भी सामने आई है। प्रशासन द्वारा जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित