नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बंधन बैंक का कारोबार 11 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3.2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया।

बंधन बैंक ने मंगलवार को बताया कि कुल जमा राशि में खुदरा जमा का हिस्सा अब लगभग 74 फीसदी है। बैंक का कहना है कि वित्त वर्ष 2026-27 में कारोबार में यह बढ़ोतरी बढ़ते वितरण नेटवर्क, बेहतर परिचालन दस्ता और उत्कर्षता की दिशा में निरंतर प्रयास का परिणाम है। पहली तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा 502 करोड़ रुपये रहा।

देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 35 में बंधन बैंक के लगभग 6,400 बैंकिंग आउटलेट और 3.2 करोड़ ग्राहक हैं। बैंक में काम करने वाले कर्मचारियों की कुल संख्या 74,500 से ज़्यादा है।

बैंक के पास जमा राशि तिमाही के दौरान सालाना सात प्रतिशत बढ़कर 1.65 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी अवधि में बैंक द्वारा दी गयी कुल उधारी 1.56 लाख करोड़ रुपये पर रही। कुल जमा में चालू खाता और बचत खाता (कासा) का अनुपात 29.4 प्रतिशत रहा। वित्तीय स्थिरता के एक अहम पैमाना माना जाने वाला बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात (सीएआर) 18.2 प्रतिशत पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित