जगदलपुर , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ में जगदलपुर शहर के लालबाग थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के एक कर्मचारी का शव उनके घर में संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

मृतक की पहचान अतुल शर्मा के रूप में की गई है, जो एक सेवानिवृत्त फॉरेस्ट रेंजर के पुत्र बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अतुल शर्मा अपने घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार रायपुर में निवास करता है।

स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां अतुल शर्मा का शव खून से लथपथ हालत में पाया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर अंदर से बंद था और मृतक की कलाई की नस कटी हुई थी। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ मिला, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मृत्यु होने की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित