नयी दिल्ली , अगस्त 10 -- जनवरी में हुए इंडिया ओपन में आई दिक्कतों को दोबारा होने से रोकने के लिए, बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) और स्थानीय आयोजक 17-23 अगस्त तक होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में बड़े पैमाने पर सुधार कर रहे हैं जिसमें बंदरों को भगाने के लिए लंगूर की आवाज निकालने वाले बन्दे की तैनाती शामिल है।
वेन्यू की ऑपरेशनल तैयारी के बारे में बात करते हुए, आयोजकों ने उन सुधारों, गहरी सफाई और जानवरों को नियंत्रित करने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया, जिनका मकसद फेडरेशन के इंडिया ओपन के बाद किए गए ऑडिट में सामने आई दिक्कतों को ठीक करना था।उन्होंने कहा , "बहुत सारा काम किया गया है।सभी टॉयलेट का रेनोवेशन, सीटों की गहरी सफाई, खराब सीटों को बदलना और बहुत सारा सीलिंग और वायरिंग का काम हुआ है। छत पर वॉटरप्रूफिंग का काम किया गया, जो उन शुरुआती प्रोजेक्ट्स में से एक था जो उन्होंने (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया) किए थे।"इंडिया ओपन के दौरान पक्षियों की गंदगी की लगातार समस्या को देखते हुए, साई ने छत के बीम पर खास एंटी-पेस्ट जेल का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, "उन्होंने छत पर जेल लगाने का काम पूरा कर लिया है। यह जेल पक्षियों को बीम पर बैठने से रोकता है, ठीक वैसे ही जैसे एयरपोर्ट के पास होता है।"साई (जिसके पास इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का मालिकाना हक है) ने परिसर से आवारा कुत्तों को भी हटा दिया है। आयोजकों ने कहा कि हाल के निरीक्षणों में कोई बंदर नहीं दिखा। वैसे इस बार बंदरों की परेशानी से निपटने के लिए लंगूर की आवाज निकालने वाले बन्दे को तैनात किया गया है। कुत्तों और बंदरों को रोकने के लिए डबल डोर का प्रावधान किया गया है जो खुलने के बाद स्वचालित रूप से बंद हो जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित