औरैया , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल कस्बे में मंगलवार को बंदरों के हमले से बचने की कोशिश के दौरान एक किशोरी की छत से गिरकर मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अजीतमल के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी बबलू उर्फ रामौतार की पुत्री रोशनी (14) मंगलवार दोपहर अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान बंदरों के एक झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बंदरों के आतंक से घबराई किशोरी ने खुद को बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी आपाधापी में उसका पैर फिसल गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे कुछ देर बाद मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के पिता और परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया है, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोग छतों पर जाने से भी कतराने लगे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित