भरतपुर , अप्रैल 05 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई कस्बे के लखनपुर में रविवार को आक्रोशित बंजारा समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर थानाधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते पुलिस थाने पर प्रदर्शन करके धरना दिया।
धरने पर बैठे बंजारा समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि लखनपुर थानाधिकारी विजय सिंह छौंकर उनके समाज विशेष को निशाना बनाकर शांतिभंग के मामलों में गिरफ्तारियां कर रहे हैं। इससे समाज के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। बंजारा समाज के लोगों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से वे मेहनत मजदूरी और फेरी लगाकर अपना जीवनयापन करते हैं, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
उधर इस मामले में थानाधिकारी विजय सिंह छौंकर ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि रात में गश्त के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ मिला जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उसके परिजनों को भी पूरी जानकारी दी गई थी और किसी को भी बेवजह परेशान नहीं किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित