नवांशहर/बंगा , अक्टूबर 05 -- पंजाब के नवांशहर जिले में बंगा के पास मजारी गांव में सोमवार सुबह मनाली से लौट रही एक पर्यटक बस फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की आशंका है, जबकि कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के छात्रों सहित अन्य पर्यटक सवार थे और यह अमृतसर जा रही थी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे फ्लाईओवर पर चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से मृतकों, घायलों और बस में सवार यात्रियों की संख्या तथा पहचान की आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित