कोलकाता , जून 19 -- पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार को पूरे राज्य में एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है जिससे लोग नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के बारे में शिकायत दर्ज करा सकें।
शहरी विकास एवं नगरपालिका कार्य मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने एक हेल्पलाइन शुरू की है, जिस पर जल-जमाव, अवैध निर्माण एवंअतिक्रमण समेत विभिन्न मुद्दों पर शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
श्री पॉल ने कहा, "राज्य के निवासी अपनी शिकायतों को 18003450938 नंबर पर दर्ज कर सकते हैं।" मंत्री के अनुसार, हेल्पलाइन सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक काम करेगी।
श्री पॉल ने कहा कि यह हेल्पलाइन लोगों द्वारा नागरिक मुद्दों पर शिकायतें दर्ज कराने एवं सुझाव देने के लिए एक एकल खिड़की के रूप में काम करेगी। उन्होंने कहा कि निवासी अपने इलाकों में अवैध इमारतों एवं अनधिकृत प्रतिष्ठानों के बारे में भी जानकारी भेज सकते हैं।
श्री पॉल ने कहा, "जिस किसी के पास भी अवैध इमारतों, बिना मंज़ूरी वाले व्यव्सायिक प्रतिष्ठानों एवं अतिक्रमण की जानकारी हो, वह हमें सूचित कर सकता है। संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी।"पिछले महीने राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के सत्ता में आने के बाद, पूरे राज्य में कई जगहों पर बेदखली अभियान चलाए गए। कई अवैध इमारतों को नोटिस भेजे गए हैं और साथ ही उन्हें गिराने का काम भी किया गया है।
नगर निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह हेल्पलाइन नंबर इस बात को सुनिश्चित करने के लिए जारी किया गया है ताकि निवासियों को बिना किसी रुकावट के नागरिक सेवाएं प्राप्त होती रहे और वे अपनी शिकायतें सीधे नगर निकाय मामलों के विभाग में दर्ज करा सकें।
बंगाल में कोलकाता नगर निगम, बिधाननगर नगर निगम, हावड़ा नगर निगम और मिरिक, कर्सियांग और कलिम्पोंग की नगरपालिकाओं समेत एक दर्जन से ज़्यादा शहरी स्थानीय निकायों को नागरिक प्रशासक के अधीन किया गया है।
इनमें से कई नागरिक निकायों में मेयरों ने इस्तीफ़ा दे दिया है जबकि पार्षदों ने या तो पद छोड़ दिया है या वे जेल में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित