कोलकाता , अप्रैल 13 -- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला ओर कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के साथ्र ही कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी।

श्री शाह ने बोलपुर और पश्चिम बर्धमान में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूसीसी लागू होने के बाद बहुविवाह पर रोक लगेगी। इसके साथ ही भाजपा सरकार बनने पर सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग देने, महिलाओं के खातों में हर महीने 3,000 रुपये जमा करने और गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की सहायता देने का वादा किया गया। उन्होंने बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 3,000 रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ऐसा बंगाल बनाएगी, जहां महिलाएं रात में भी सुरक्षित महसूस करेंगी। उन्होंने संदेशखाली और अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसफ) को 600 एकड़ जमीन नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर यह जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी और घुसपैठ पर सख्ती से रोक लगेगी।

श्री शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने "सोनार बांग्ला" को "सिंडिकेट राज" में बदल दिया है और राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध बढ़ा है। उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में मतदान होने पर राज्य में परिवर्तन निश्चित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित