सिलीगुड़ी , सितंबर 06 -- पश्चिम बंगाल के मंगन ज़िला प्रशासन ने रविवार को कहा कि तीस्ता और च्याकुंग नदियों के संगम के पास भूस्खलन के बाद तीस्ता नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने का ख़तरा काफ़ी कम हो गया है।

आज दिन में 'थेन्ग टनल' के सामने वाले इलाके के पास हुई भूस्खलन की घटना के बाद, स्थिति का जायजा लेने के लिए एक संयुक्त निरीक्षण टीम आज दोपहर घटनास्थल पर जाकर जांच की।

टीम में संयुक्त निदेशक-सह-डीपीओ, डीडीएमए मंगन, एसडीपीओ चुंगथांग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और चुंगथांग पुलिस के अधिकारी शामिल थे।

प्रशासन के अनुसार, नदी के प्राकृतिक बहाव को आंशिक रूप से रोकने वाला मलबा अब और खिसक गया है, जिससे पानी का बहाव स्थिर और सामान्य हो रहा है। नतीजतन, जमा हुए पानी के अचानक छूटने या नदी के निचले हिस्से में पानी के अचानक तेज़ बहाव की आशंका काफी कम हो गई है।

नदी के प्रभावित हिस्से में कुल मिलाकर स्थिति स्थिर बताई गई है। नदी के जलस्तर और ढलान की स्थिरता पर लगातार नज़र रखने के लिए मौके पर पुलिस और डीडीएमए के कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

हालांकि, प्रशासन ने तीस्ता नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, नदी के किनारे नहीं जाने और एहतियात के तौर पर, सफाई का काम पूरा होने तक स्वेच्छा से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर चले जाने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित