वर्धमान , सितंबर 29 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की चार सदस्यीय टीम ने मंगलवार तड़के पश्चिम बंगाल में पूर्वी वर्धमान जिले के मंगलकोट के एक गांव में छापेमारी कर स्थानीय मस्जिद के इमाम को हिरासत में ले लिया।
इमाम पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिद्दीन से जुड़े गुट 'इमाम महमूद काफीला' (आईएमके) के साथ संबंध होने का संदेह है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी की टीम तड़के करीब 4:30 बजे नंबर 2 शिमुलिया पंचायत के पालिशग्राम गांव के पूरब पारा स्थित बोरो मस्जिद पहुंची और इमाम पियार मोहम्मद शेख की तलाश शुरू की। सुबह की नमाज के बाद मस्जिद से बाहर निकलते ही हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिद्दीन बंगलादेश (जेएमबी) केसहयोगी गुट आईएमके से संदिग्ध संबंधों को लेकर लगभग डेढ़ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद, सुबह करीब छह बजे इमाम को मंगलकोट थाने ले जाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिया गया, इमाम मूल रूप से मंतेश्वर के कुलुत गांव का रहने वाला है।
उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई एनआईए द्वारा आईएमके से जुड़े 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के कुछ ही दिनों बाद हुई है। उन पर पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने का आरोप है। मंगलकोट में हुई इस छापेमारी ने दो अक्टूबर 2014 को वर्धमान शहर में हुए चर्चित खागड़ागढ़ विस्फोट की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें एक किराये के मकान में कथित तौर पर अत्याधुनिक विस्फोटक सामग्री (आईईडी) बनाते समय दो संदिग्ध जेएमबी आतंकवादी मारे गये थे। उस समय एनआईए की जांच में वर्धमान से संचालित जेएमबी के एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था और सीमा पार फैले आतंकवादी नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित