कोलकाता , मई 12 -- पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी और पांच मंत्रियों के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण करने के कुछ दिनों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मानिकतला के विधायक तापस रॉय मंगलवार शाम को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ लेंगे जिसके बाद वह अगले दो दिनों में नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह की देखरेख करेंगे।
इस बीच, 18वीं विधानसभा के नव निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले विधानसभा परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विधानसभा सचिवालय ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
विधानसभा के प्रधान सचिव की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 13 मई और 14 मई को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। मंत्रीगण 13 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक पहले सत्र में शपथ लेंगे जिसके बाद कूच बिहार, अलीपुरद्वार, मालदा और मुर्शिदाबाद सहित उत्तर बंगाल के नौ जिलों के विधायक भी शपथ ग्रहण करेंगे।
दोपहर के सत्र में नादिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना के विधायक शपथ लेंगे। जबकि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्वी मेदिनीपुर और झाड़ग्राम के विधायक 14 मई को सुबह के सत्र में शपथ लेंगे। उसी दिन दोपहर के सत्र में पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया और बीरभूम सहित शेष जिलों के विधायक शपथ ग्रहण करेंगे।
विधानसभा सचिवालय ने शपथ ग्रहण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशानिर्देश भी जारी किया है। सभी विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे समारोह के समय अपने मूल चुनाव प्रमापत्र साथ लेकर आएं। उन्हें पहचान पत्र के लिए पासपोर्ट आकार की रंगीन चार फोटो लाने को कहा गया है। विधानसभा परिसर में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रत्येक विधायक को अपने साथ अधिकतम दो व्यक्तियों को लाने की अनुमति होगी।
विधायिका का लंबा अनुभव रखने वाले तापस रॉय मंगलवार शाम को शपथ ग्रहण करने के बाद प्रोटेम स्पीकर के रूप में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे। विधानसभा की कार्यवाही बुधवार से मुख्य सदन में शुरू होने वाली है।
सूत्रों के अनुसार इस वर्ष के शपथ ग्रहण समारोह में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेटों को विधायकों और उनके मेहमानों के लिए अस्थायी फोटो पहचान पत्र की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि विधानसभा द्वार पर बिना किसी परेशानी के प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित