नयी दिल्ली , जुलाई 06 -- चुनाव आयोग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर उपचुनाव कराने की तिथि घोषित कर दी । राज्य में हाल ही में उच्च सदन के तीन वरिष्ठ सदस्यों सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफों के कारण ये तीनों सीटें रिक्त हैं।
बंगाल से राज्य सभा की तीनों सीटों के लिए चुनाव आयोग ने आगामी 24 जुलाई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना कराने का फैसला किया है।
आयोग की चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत सात जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ ही हो जाएगी। नामांकन की अंतिम तारीख 14 जुलाई, नामांकन जांच 15 जुलाई और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 17 जुलाई है। 27 जुलाई को चुनाव संपन्न किए जाने की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित