कोलकाता , जून 10 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को अपने मंत्रिपरिषद में विभागों का बंटवारा कर दिया और उन्होंने गृह तथा कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग अपने पास रखे हैं।
श्री अधिकारी इसके अलावा कानून एवं न्याय, भूमि एवं भूमि सुधार, बिजली, सूचना एवं संस्कृति, शरणार्थी राहत एवं पुनर्वास और पर्वतीय मामलों के विभागों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
राज्य सचिवालय नाबन्ना से जारी एक अधिसूचना के अनुसार श्री स्वप्न दास गुप्ता वित्त मंत्रालय का कामकाज देखेंगे।
इससे पहले दिन में न्यू टाउन स्थित राम मंदिर के दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से चिकित्सक शरदवत मुखोपाध्याय को राज्य का स्वास्थ्य विभाग देने की घोषणा की थी।
वरिष्ठ नेता और मानिकतला के विधायक तापस रॉय को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के साथ-साथ गैर पारंपरिक ऊर्जा की जिम्मेदारी दी गयी है।
शिक्षा क्षेत्र को दो अलग-अलग विभागों में विभाजित किया गया है। श्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को उच्च शिक्षा मंत्री बनाया गया है, जबकि पूर्व राज्य भाजपा महासचिव दीपक बर्मन स्कूल शिक्षा विभाग का कार्यभार संभालेंगे।
श्री शंकर घोष को पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गयी है, जबकि शिक्षाविद् और कृषि वैज्ञानिक कल्याण चक्रवर्ती को खाद्य प्रसंस्करण एवं बागवानी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, तथा सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का प्रभार दिया गया है।
मुख्यमंत्री के साथ गत नौ मई को शपथ लेने वाले मंत्रियों के विभागों का आवंटन पहले ही किया जा चुका था। इसके तहत श्री दिलीप घोष पंचायत, कृषि विपणन और पशु संसाधन विकास विभाग संभाल रहे हैं। श्री अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और खुदीराम टुडू को जनजातीय विकास विभाग सौंपा गया है। सुश्री अग्निमित्रा पॉल, जिन्हें शुरुआत में महिला, बाल एवं समाज कल्याण के साथ-साथ शहरी विकास और नगरपालिका मामले दिये गये थे, अब केवल शहरी विकास विभाग संभालेंगी। महिला, बाल एवं समाज कल्याण विभाग अब राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मालती रावा रॉय को सौंप दिया गया है, जो स्वयं सहायता समूह और परियोजना निगरानी विभाग भी देखेंगी।
एक अन्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंद्रनील खान को खेल एवं युवा मामलों का विभाग दिया गया है, जो पहले निशीथ प्रामाणिक के पास था। वह उपभोक्ता मामलों का विभाग भी संभालेंगे। निशीथ प्रामाणिक अब उत्तर बंगाल विकास और जल संसाधन विकास विभाग के लिए जिम्मेदार होंगे। अर्जुन सिंह को परिवहन और श्रम विभाग सौंपे गये हैं, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता और मयूरेश्वर के विधायक दूधकुमार मंडल को कृषि मंत्री नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित