कोलकाता , अप्रेल 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का दावा करते हुए शनिवार को कहा कि राज्य की स्थिति किसी से छुपी हुई नहीं है और यहां भी डबल इंजन सरकार हो तो विकास तीव्र गति से होगा।

श्री शर्मा पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे दिन कोलकाता में आयोजित राजस्थान प्रवासी सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "इस बार पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन होना सुनिश्चित है। हम सभी को मिलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विजयी बनाना है। पश्चिम बंगाल की स्थिति किसी से छुपी हुई नहीं है। अगर यहां भी राजस्थान जैसा विकास चाहते हैं तो भाजपा को ज्यादा से ज्यादा वोट दिलाने के लिए जुट जाएं ताकि राज्य में भी डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में तीव्र विकास हो सके।

उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि स्वाभिमान और देशभक्ति हर राजस्थानी के मन में समाहित है। वे देश-दुनिया में कहीं भी चले जाएं सामाजिक सरोकारों से अपना स्थान बना ही लेते हैं। उन्होंने अपनी कर्मभूमि और जन्मभूमि दोनों से गहरा जुड़ाव बनाए रखा है। वे दुनिया के हर हिस्से में अपनी मेहनत, संघर्ष और सफलता से राजस्थान गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के जुड़ाव को और मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में राजस्थान फाउंडेशन के 40 चैप्टर्स संचालित हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले कालीघाट मंदिर और गोविंदम इस्कॉन मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने कालीघाट मंदिर में विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री कोलकाता के बेलीगंज स्थित गोविंदम इस्कॉन मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ चाय पर चर्चा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में हर क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, ऊर्जा, पर्यटन और सामाजिक क्षेत्र में राजस्थान तेजी से उभर रहा है और यह प्रवासी एवं स्थानीय उद्योगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राज्य के खनिज संसाधन तथा प्रदेश के पर्यटन स्थल की विश्व में अपनी पहचान है। यहां की झीलें, किले, हवेलियां, मरुस्थल तथा धार्मिक स्थल देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख केन्द्र हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'विकास के साथ विरासत' की अवधारणा पर कार्य कर रही है। इसी क्रम में शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है तथा 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिह्नित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित