कोलकाता , अक्टूबर 27 -- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 वर्षीय कक्षा 11 की छात्रा से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले का मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास पुलिस मुठभेड़ में सोमवार देर रातमारा गया।

पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि आरोपी ने एक पुलिसकर्मी से बंदूक छीनने के बाद पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। मुठभेंड में आरोपी मारा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस सोमवार देर रात से कुछ समय पहले घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए दास को अपराध स्थल पर ले गयी थी। यह स्थान बंगलादेश की सीमा से लगभग चार किलोमीटर दूर है। घटनास्थल पर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब पुलिस दल लौट रहा था, तभी दास ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उनमें से एक की बंदूक छीन ली।

बताया जाता है कि उसने पुलिस दल पर तीन गोलियां चलाईं, जिससे पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गयी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी ने अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे स्थित जलाशय में छलांग लगा दी।

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में चार गोलियां चलाईं। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलीबारी की। इस दौरान एक गोली दास को लगी।

घायल आरोपी को तत्काल चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी को भी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।

इस घटना पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। स्थानीय निवासियों के एक वर्ग ने आरोपी की मौत पर संतोष जताया है। पीड़िता के परिवार ने भी इस घटनाक्रम का स्वागत किया है।

पीड़िता के पिता ने कहा, "मेरी बेटी अब कभी वापस नहीं आएगी। सरकार के निर्देशों के तहत पुलिस ने अच्छा काम किया है। आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चलाई। हमें पता चला है कि पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसकी मौत हो गयी।"एक स्थानीय महिला ने कहा कि कथित अपराध की गंभीरता और इसके बाद पुलिस पर हुए हमले को देखते हुए मुठभेड़ का ऐसा परिणाम अपेक्षित था।

गौरतलब है कि गायघाटा पुलिस थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी शनिवार रात अपने घर के पास आयोजित एक स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गई थी। इस कार्यक्रम में उसके दोस्त और परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। आयोजन देर रात तक चला।

परिवार के अनुसार, रात करीब 11.30 बजे किशोरी के पास एक फोन आया। फोन पर बात करने के बाद वह कार्यक्रम स्थल से चली गयी लेकिन घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने पूरी रात उसकी तलाश की। रविवार सुबह उसका क्षत-विक्षत और निर्वस्त्र शव बरामद हुआ। परिवार ने आरोप लगाया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस ने इस मामले में उसी दिन आरोपी प्रह्लाद दास को गिरफ्तार किया था। वह पीड़िता के परिवार का रिश्तेदार बताया गया है।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित