कोलकाता , मई 31 -- पश्चिम बंगाल में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा से जुड़े कमरहाटी स्थित आवास "उदय विला" पर रविवार दोपहर को तलाशी अभियान चलाया।

इस कार्रवाई का नेतृत्व बैरकपुर पुलिस कमिश्ररी के पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) द्युतिमान भट्टाचार्य ने किया। दोपहर करीब एक बजे पुलिस का एक बड़ा दस्ता परिसर में पहुंचा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब अधिकारी परिसर में पहुंचे तो मकान पर ताला लगा हुआ था और श्री मित्रा वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर इमारत में प्रवेश किया। करीब एक घंटे तक तलाशी लेने के बाद अधिकारियों ने कई दस्तावेज जब्त किये और फिर परिसर पर दोबारा ताला लगाकर वहां से चले गये।

प्रारंभिक जानकारी से संकेत मिलता है कि उदय विला में कमरहाटी विधायक का एक पार्टी कार्यालय है। ऐसे आरोप सामने आये हैं कि यह संपत्ति केंद्र सरकार की एक एजेंसी के स्वामित्व वाली भूमि पर बनी हुयी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कथित तौर पर एक केंद्रीय एजेंसी की जमीन पर इस संरचना का निर्माण कैसे किया गया। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि श्री मित्रा कभी-कभी इस आवास पर रुकते हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह इस संपत्ति के कानूनी मालिक हैं या नहीं।

तृणमूल कांग्रेस नेता के करीबी सूत्रों ने बताया कि श्री मित्रा वर्तमान में दक्षिण कोलकाता स्थित अपने आवास पर हैं। उनके अनुसार, वह रविवार को तृणमूल कांग्रेस की सर्वोच्च नेता ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर होने वाली तृणमूल कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिये वहां मौजूद हैं। राजनीतिक विश्लेषक इस बैठक पर बारीकी से नजर रख रहे हैं कि पार्टी के 80 विजयी विधायकों में से कितने इसमें भाग लेते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित