वाराणसी , मई 4 -- पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव में इतिहास रचने की ओर बढ़ चली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, काशी क्षेत्र द्वारा बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में सरकार बनाने की ओर बढ़ रही भाजपा की जीत की खुशी में कार्यकर्ता सड़कों पर ढोल-नगाड़ों के साथ उतर आए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों का अभिवादन किया और पटाखे फोड़कर खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने किया। इस मौके पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं विश्व के लोकप्रिय नेता माननीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि गंगासागर से लेकर देश के कोने-कोने तक भाजपा का परचम लहराया जा चुका है। बंगाल की यह जीत उन सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर कार्य किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बंगाल की जनता का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर अपना विश्वास जताया। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि संगठन समाज के हर वर्ग के उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
काशी में भाजपा की जीत और मंगल कामना को लेकर मंदिरों में पूजा-पाठ भी किया गया। बंगाली महिलाओं ने गंगा किनारे शंखनाद कर अपनी खुशी व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित