सिलीगुड़ी , जुलाई 24 -- पश्चिम बंगाल के चाय उद्योग से जुड़ी ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच 'जॉइंट फोरम ऑफ़ ऑपरेटिंग ट्रेड यूनियंस' के बैनर तले शुक्रवार को तराई, द्वार और दार्जिलिंग की पहाड़ियों में हजारों चाय श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
लंबे समय से लंबित औद्योगिक विवादों और श्रमिक कल्याण से जुड़े मुद्दों के जल्द समाधान की मांग को लेकर काम शुरू करने से पहले चाय बागानों के बाहर यह प्रदर्शन किया गया। मंच ने 20 जुलाई को चाय बागान प्रबंधनों, सरकार और चाय बोर्ड के अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारियों को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा था।
श्रमिकों की मांगों में न्यूनतम वेतन को लागू करना, मासिक वेतनभोगी कर्मचारियों के वेतन में संशोधन, मशीन ऑपरेटरों के लिए बेहतर वेतन व प्रोत्साहन राशि, और दैनिक काम के बोझ व वेतन कटौती में मनमानेपन पर रोक लगाना शामिल है। इसके अलावा समान कार्य के लिए समान वेतन, सवैतनिक मातृत्व व बीमारी अवकाश, पूर्ण अंत्योदय अन्न योजना राशन लाभ, स्वच्छता सुविधाएं, क्रैच (शिशु गृह), विश्राम गृह और सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष तय करने की भी मांग की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित