कोलकाता , मार्च 18 -- पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनात पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी को कड़ी चुनौती देने के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने एक समय के उनके करीबी रहे पबित्रा कर को मैदान में उतारा है।
दोनों नेता नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र से आमने सामने होंगे। उल्लेखनीय है कि पांच साल पहले श्री कर इसी निर्वाचन क्षेत्र में मुख्य रणनीतिकार और सहयोगी थे। इस चुनाव में भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मामूली अंतर से हराया था।
श्री कर की उम्मीदवारी का जश्न मनाने के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे के माथे पर हरा अबीर लगाया। नेताओं ने कहा कि वे श्री अधिकारी को हराने के लिए मिलकर लड़ेंगे।
श्री कर हाल ही में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने उन्हें पार्टी का झंडा सौंपकर तृणमूल परिवार में उनका स्वागत किया था। उनकी उम्मीदवारी को गुप्त रखा गया था और सुश्री बनर्जी द्वारा उनके नाम की घोषणा किए जाने से पहले किसी को नहीं पता था कि वह उम्मीदवार होंगे।
तृणमूल सूत्रों ने दावा किया कि नंदीग्राम के लोगों ने सुश्री बनर्जी से संपर्क किया था और उनसे नंदीग्राम में 'सेवाश्रम' शिविर खोलने का अनुरोध किया था। तदनुसार, नंदीग्राम प्रथम और द्वितीय में सेवाश्रम शिविर खोले गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित