कोलकाता , मई 06 -- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में मंगलवार देर रात पुलिस और केंद्रीय बलों की एक गश्ती टीम पर हुए हमले में कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये।

बारासात रेंज के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को हमले में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी के अनुसार, गश्ती टीम पर नजत थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक इलाके में हमला किया गया।

प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि अज्ञात हमलावरों ने संयुक्त गश्ती दल पर गोलियां चलायीं, जिससे कम से कम एक महिला अधिकारी सहित कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गये।

अधिकारी ने कहा, "गश्ती टीम पैदल एक संकरी गली से गुजर रही थी, तभी उन पर फायरिंग की गयी। हमले की जैसे ही हमें जानकारी मिली, तुरंत अतिरिक्त बल भेजे गये।" पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और हमलावरों की पहचान करने तथा हमले में इस्तेमाल किये गये हथियारों को बरामद करने के लिए इलाके की घेराबंदी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित