सिलीगुड़ी , अक्टूबर 29 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को रायगंज में पानीशाला के पास द्वीपनगर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने की योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रमुख चिकित्सा संस्थान की स्थापना के लिए केंद्र को एक प्रस्ताव भेजेगी।

यह घोषणा रायगंज और उत्तर दिनाजपुर जिले में एम्स की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखकर की गयी है।

श्री अधिकारी हेलीकॉप्टर से रायगंज पहुंचे और जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, सांसद, विधायक और राज्य के दो मंत्री शामिल हुए जिसमें संस्थान के लिए प्रस्तावित जगह पर चर्चा की गयी।

बैठक के बाद रायगंज के तीस्ता मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस योजना को दोहराया और कहा कि वह प्रस्तावित संस्थान की आधारशिला रखने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के साथ वापस आयेंगे।

पड़ोसी जलपाईगुड़ी जिले के लोगों को आश्वस्त करते हुए श्री अधिकारी ने कहा, "मैं जलपाईगुड़ी के लोगों को निराश नहीं करूंगा।" उन्होंने जिले में एक पूर्ण कैंसर देखभाल अस्पताल स्थापित करने की योजना की भी घोषणा की।

समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तर दिनाजपुर में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा की स्थिति को चिंताजनक बताया और कहा कि इन दोनों क्षेत्रों में बड़े सुधार की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित