कोलकाता , अप्रैल 18 -- राज्य में पहले चरण के मतदान से पहले चुनावी जिलों का दौरा करने के प्रयास में पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल तैयारियों की समीक्षा के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग कर सकते हैं।

लगभग दो दशक पहले 2006 में तत्कालीन सीईओ देबाशीष सेन ने चुनावों से पहले इसी तरह का हवाई दौरा किया था। अधिकारियों ने बताया कि अग्रवाल 20-21 अप्रैल को पश्चिम मेदिनीपुर, मालदा, उत्तर दिनाजपुर और कूचबिहार सहित कई जिलों का दौरा करेंगे।

सीईओ कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "चूंकि समय कम है, इसलिए वह जमीनी स्तर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष आकलन करने और मतदान की तैयारी सुनिश्चित करने के लिए हेलीकॉप्टर से यात्रा करेंगे।"अब तक सीईओ सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे थे, जिसमें काफी समय लग रहा था।आमतौर पर विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आवाजाही के लिए चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक नेता हेलीकॉप्टर का उपयोग करते हैं। यह एक दुर्लभ मामला है, जब सीईओ ने प्रशासनिक समीक्षा में तेजी लाने के लिए इस साधन को अपनाया है।

पश्चिम बंगाल में अतीत में चुनावी हिंसा की घटनाएं देखी गयी हैं। इनमें झड़पें, बमबारी और कुछ जिलों में मौतें तक शामिल हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद, चुनाव बाद हिंसा के आरोपों ने व्यापक राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया था, खासकर दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे जिलों में ऐसा हुआ था।

राज्य में हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे थे और चुनावी हिंसा के कारण किसी की जान जाने की खबर नहीं मिली थी। आयोग 2026 के विधानसभा चुनावों में भी उस रिकॉर्ड को बनाये रखने का इच्छुक है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने दोहराया है कि चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि राजनीतिक दलों या नेताओं के प्रभाव में आकर किसी भी तरह की कोताही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इसके अलावा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हिंसा का पहला संकेत मिलते ही दृढ़ता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सीईओ का जिला दौरा सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य पूरे राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित