कोलकाता , जुलाई 10 -- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सुरजपुर में नाबालिग लड़की के कथित दुष्कर्म एवं हत्या के बाद उसके परिवार को इलाके में पुलिस चौकी बनाने का आश्वासन देने के चार दिन बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार को इस सुविधा का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने 12 वर्षीय लड़की के कथित दुष्कर्म एवं हत्या के बाद उसके परिवार से मंगलवार को मुलाक़ात की थी। मुलाकात के दौरान पीड़िता के परिवार ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी और एक स्थायी पुलिस चौकी बनाने की मांग की थी। श्री अधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि इस मांग को तुरंत राज्य प्रशासन के सामने उठाया जायेगा।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और गृह सचिव को निर्देश दिया था कि पुलिस चौकी को जल्द से जल्द चालू किया जाये, भले ही इसके लिए शुरुआत में किसी इमारत को किराए पर लेना पड़े। उनके दौरे के कुछ ही घंटों के अंदर तैयारी शुरू हो गयी और अब वह उद्घाटन के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री का सुरजपुर में शनिवार को 45 मिनट का कार्यक्रम है। संभवत: वह पीड़िता के परिवार से एक बार फिर मिलने के लिए उनके घर जायेंगे। इसके बाद वह पुलिस चौकी का औपचारिक उद्घाटन करने और कोलकाता लौटने से पहले इंद्रजीत मंडल के परिवार से मिलेंगे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अब तक, शिकायत दर्ज कराने या पुलिस की मदद लेने के लिए लोगों को लगभग 10 किलोमीटर दूर बारुईपुर पुलिस थाना जाना पड़ता है। नयी चौकी शुरू होने से स्थानीय लोग सुरजापुर में ही लिखित शिकायत दर्ज करा सकेंगे और आपराधिक मामलों की शुरुआती जांच भी यहीं से शुरू हो सकेगी। इस पुलिस चौकी पर मौजूदा कैंप की तुलना में ज़्यादा अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात होंगे जिससे इलाके में ज़्यादा असरदार निगरानी, आपात स्थिति में तीव्र कार्रवाई और अपराध रोकने में बेहतर मदद मिलेगी।
पीड़िता के परिवार ने जांच की प्रगति और राज्य पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। इस बीच, राज्य के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने मुठभेड़ की जांच अपने हाथ में ले ली है। उम्मीद है कि सीआईडी की एक टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का दौरा करेगी ताकि सबूत जुटाया जा सकें और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित